maharashtrakhabar24.in,छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गर्मी ने अब खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया है। रविवार को छत्रपति संभाजीनगर में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है।भीषण गर्मी के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रविवार होने के बावजूद बाजारों में भीड़ नजर नहीं आई और कई जगहों पर दुकानें बंद रहीं। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हो गए।

लू लगने से एक की मौत
इस बीच, परभणी जिले में लू लगने से एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अगले दो दिनों तक हीटवेब
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। वहीं, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव धीरे-धीरे पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसका असर महाराष्ट्र पर अभी कम ही दिखाई दे रहा है।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक मराठवाड़ा क्षेत्र में हीट वेव जैसे हालात बने रह सकते हैं। ऐसे में लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
सावधानी के सुझाव
- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें.
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं.
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें.
- लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.









