Shah Rukh Khan Body Double : कहते हैं सपने वही सच होते हैं, जिन्हें पूरा करने की जिद हो। नागपुर के एक साधारण युवक ने भी ऐसा ही सपना देखा था। मंच पर लोग उसे देखते और चिल्लाने लगते – “शाहरुख…शाहरुख!” उसे तब अंदाजा भी नहीं था कि एक दिन वही लड़का बॉलीवुड के ‘किंग खान’ का सबसे भरोसेमंद बॉडी डबल बन जाएगा। हम बात कर रहे हैं प्रशांत वाल्दे की, जिन्होंने सिर्फ 1,200 रुपए लेकर मुंबई का सफर शुरू किया और पिछले 20 सालों से शाहरुख खान के साथ काम कर रहे हैं।
Shahrukh body double : कोरियोग्राफी से शुरू हुआ सफर
महाराष्ट्र खबर 24 से बातचीत के दौरान प्रशांत ने बताया कि नागपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद प्रशांत ने शहर के एक डांस इंस्टीट्यूट में कोरियोग्राफर के रूप में काम शुरू किया। इवेंट्स ऑर्गेनाइज करते थे और स्टेज पर परफॉर्म भी करते थे। उनकी शक्ल और स्टाइल काफी हद तक शाहरुख खान से मिलती थी। जैसे ही वे मंच पर आते, लोग उन्हें “किंग खान” कहकर पुकारने लगते।एक दिन उन्होंने पत्नी से कहा-“मैं मुंबई जाकर अपनी किस्मत आजमाना चाहता हूं।”पत्नी ने 1200 रुपए दिए…और वहीं से शुरू हुआ संघर्ष का असली सफर।
‘ओम शांति ओम’ के सेट पर बदली जिंदगी
मुंबई पहुंचने के बाद प्रशांत ने फिल्मों में कोरियोग्राफर के तौर पर काम शुरू किया। साल 2007 में उनकी जिंदगी ने बड़ा मोड़ लिया, जब फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के सेट पर उनकी पहली मुलाकात शाहरुख खान से हुई।इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।प्रशांत ने शाहरुख खान के साथ डॉन, चेन्नई एक्सप्रेस, रईस, डियर जिंदगी, फैन जैसी कई फिल्मों में बॉडी डबल का काम किया।
‘फैन’ फिल्म से मिली असली पहचान
प्रशांत बताते हैं कि फिल्म ‘फैन’ उनके करियर का सबसे खास मोमेंट था।यही वह फिल्म थी, जिसमें पहली बार लोगों ने उनके काम को गंभीरता से नोटिस किया और उन्हें क्रेडिट भी मिला।उन्होंने कहा कि फिल्म के कई सीन्स में वे साफ दिखाई देते हैं।
“जो स्टंट शाहरुख सर नहीं करते…वो मैं करता हूं”
महाराष्ट्र खबर 24 को प्रशांत वाल्दे ने बताया कि शाहरुख खान उन्हें बेहद पसंद करते हैं और प्यार से “बेटा” कहकर बुलाते हैं।उन्होंने कहा-“शाहरुख सर बहुत बड़े स्टार हैं। कई बार खतरनाक या लंबे शॉट्स के लिए मुझे उनकी जगह इस्तेमाल किया जाता है। जो रिस्की स्टंट वे नहीं करते, उन्हें मैं चुनौती समझकर करता हूं।”कई बार एडिट टेबल पर अटके दृश्यों की रीशूटिंग के लिए भी प्रशांत को बुलाया जाता है।

खुद भी हैं शाहरुख के ‘जबरा फैन’
दिलचस्प बात यह है कि प्रशांत सिर्फ शाहरुख के बॉडी डबल ही नहीं, बल्कि उनके सबसे बड़े फैंस में से भी एक हैं।उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘प्रेमातुर’ भी किंग खान को समर्पित की है।प्रशांत ने बताया कि फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान के कई लोकप्रिय मूव्स और मोमेंट्स को खास तौर पर शामिल किया है।
‘प्रेमातुर’ को मिले इंटरनेशनल अवॉर्ड
प्रशांत वाल्दे ने अनुग्रह इंटरटेनमेंट के बैनर तले थ्रिलर-हॉरर-रोमांटिक फिल्म ‘प्रेमातुर’ बनाई थी।फिल्म में हेता शाह, कल्याणी कुमारी, श्रीराज सिंह, अमित सिन्हा और वीर सिंह नजर आए थे। फिल्म को Tagore International Film Festival Award और Mabig Film Festival Germany Awardसे सम्मानित किया गया।
जब लोग असली शाहरुख समझ बैठते हैं…
प्रशांत बताते हैं कि कई बार भीड़भाड़ वाली जगहों पर लोग उन्हें सचमुच शाहरुख खान समझ लेते हैं।कई बार सिक्योरिटी संभालना मुश्किल हो जाता है और लोग उनके साथ फोटो लेने के लिए टूट पड़ते हैं।नागपुर का यह लड़का आज बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुका है।यह कहानी सिर्फ एक बॉडी डबल की नहीं, बल्कि मेहनत, संघर्ष और सपनों को सच करने की मिसाल है।









