Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

सरकारी नौकरी के लालच में पत्नी बनी कातिल : 1 लाख की सुपारी देकर टीचर पति की कराई हत्या, ऐसे खुला राज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर 24.चंद्रपुर

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जिला परिषद शिक्षक की हत्या के पीछे उसकी पत्नी ही मास्टरमाइंड निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पत्नी ने सरकारी नौकरी पाने के लालच में अपने ही पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी।

यह है मामला

यह घटना भद्रावती थाना क्षेत्र के घोड़पेठ इलाके की है। 2 मई की सुबह 46 वर्षीय शिक्षक रवींद्र कुलमेथे का शव संदिग्ध हालत में हनुमान मंदिर के पास मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि उनके गले में प्लास्टिक की थैली और दुपट्टा कसकर बांधा गया था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।

मोबाइल से खुला हत्या का राज

शव के पास मिले मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी दीपमाला कुलमेथे से पूछताछ की।सख्ती से पूछताछ के दौरान दीपमाला ने हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

 1 लाख में दी सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपमाला अपने पति से कथित प्रताड़ना से परेशान थी। नागपुर में इलाज के दौरान उसकी मुलाकात वर्षा परचाके से हुई, जिसने उसे हत्या कराने का सुझाव दिया।

इसके बाद दीपमाला ने वर्षा परचाके, सोनू उर्फ प्रवीण कालोकर और नाजीर अंसारी के साथ मिलकर करीब 1 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की योजना बनाई।

 ऐसे दिया वारदात को अंजाम

29 अप्रैल को दीपमाला ने अपने पति को विवाह समारोह के बहाने बुलाया। 30 अप्रैल को आरोपी कार लेकर पहुंचे और शिक्षक को सुनसान इलाके में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी।

 सरकारी नौकरी बनी वजह

पुलिस के अनुसार, पत्नी का मकसद पति की मौत के बाद सरकारी नौकरी हासिल करना था। दोनों कई सालों से अलग रह रहे थे।

4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 3 और 4 मई को कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।

और पढ़ें