Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

नागपुर हाई कोर्ट में याचिका: विदर्भ में चिलचिलाती धूप में 15 जून से स्कूल खोलने के फैसले पर सवाल, 9 जून को होगी सुनवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर24, नागपुर
विदर्भ में भीषण गर्मी के बीच 15 जून से स्कूल खोलने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच में चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाले तापमान में बच्चों को स्कूल भेजना उनकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।

क्या है पूरा मामला?

महाराष्ट्र सरकार ने 28 मार्च 2026 को जारी सर्कुलर में निर्देश दिया था कि विदर्भ क्षेत्र के स्कूल 15 जून से खुलेंगे। साथ ही 15 से 30 जून तक स्कूलों का समय सुबह 7:00 बजे से 11:45 बजे तक तय किया गया है।इस फैसले के खिलाफ विजय कोम्बे और महाराष्ट्र स्टेट प्राइमरी एजुकेशन कमिटी, पुणे की वर्धा शाखा के अध्यक्ष लीलाधर रामचंद्र ठाकरे ने याचिका दायर की है।

हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को भेजा नोटिस

जस्टिस रजनीश व्यास की एकल पीठ ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर 9 जून तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई भी 9 जून को होगी।
याचिका में यह कहा गया
  • जून में विदर्भ का तापमान 42-44°C तक पहुंच सकता है।
  • ग्रामीण क्षेत्रों के कई छात्रों को 3 से 5 किलोमीटर पैदल स्कूल जाना पड़ता है।
  • सुबह जल्दी स्कूल पहुंचना और दोपहर की तेज धूप में घर लौटना स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है।
  • हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकावट का खतरा बढ़ सकता है।
2007 के हाई कोर्ट आदेश का हवाला
याचिकाकर्ताओं ने 2007 के एक महत्वपूर्ण फैसले का उल्लेख किया, जिसमें हाई कोर्ट ने विदर्भ में स्कूल 30 जून के बाद खोलने का निर्देश दिया था। राज्य सरकार ने उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन बाद में याचिका वापस ले ली गई थी।
सरकार अपनी ही नीति से पीछे?
याचिका में यह भी कहा गया कि राज्य सरकार ने 22 जून 2007,11 अप्रैल 2022,20 अप्रैल 2023 के आदेशों में विदर्भ में स्कूल 30 जून के बाद खोलने की नीति अपनाई थी। ऐसे में शिक्षा विभाग के पास इस नीति के विपरीत नया सर्कुलर जारी करने का अधिकार नहीं है।

अभिभावकों की चिंता बढ़ी

भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों और शिक्षकों में चिंता बढ़ गई है। अब सबकी नजर 9 जून को होने वाली सुनवाई पर है, जिससे यह तय होगा कि विदर्भ में स्कूल 15 जून से खुलेंगे या 30 जून के बाद।

IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में लू जैसी परिस्थितियों की चेतावनी जारी की है। अलर्ट वाले प्रमुख जिले हैं-अकोला,अमरावती ,वर्धा,छत्रपति संभाजीनगर,पुणे.नासिक,जलगांव,जालना,बीड़,नांदेड़।

और पढ़ें