रऊफ खान, छत्रपति संभाजीनगर
Chhatrapati Sambhajinagar Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में जालना से इलाज के लिए आई एक विवाहित महिला के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। महिला ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि ऑटो चालक उसे गलत दिशा में ले जा रहा है। इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, जालना निवासी 39 वर्षीय महिला 21 मई की शाम इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर आने के लिए बस से रवाना हुई थीं। उनकी मां ने उन्हें जालना से बस में बैठाया था। यात्रा के दौरान महिला लगातार अपनी बहन के संपर्क में थीं।शाम करीब 6:30 बजे महिला ने फोन कर बताया कि वह ट्रैफिक जाम में फंसी हुई हैं। इसके बाद रात करीब 7:30 बजे उन्होंने सिडको बस स्टैंड पहुंचने और वहां से ऑटो रिक्शा द्वारा चिकलथाना की ओर जाने की जानकारी दी।

घबराई हुई आवाज में किया आखिरी फोन
रात 7:48 बजे महिला ने दोबारा अपनी बहन को फोन किया। इस दौरान वह काफी घबराई हुई थीं। उन्होंने बताया कि जिस ऑटो में वह बैठी हैं, उसका चालक उन्हें कहीं और ले जा रहा है। इसके तुरंत बाद कॉल कट गया और महिला का मोबाइल बंद हो गया।घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार ने तुरंत डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
परिजनों ने सिडको बस स्टैंड, आसपास के अस्पतालों और अन्य संभावित स्थानों पर महिला की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले में एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है।पुलिस बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रिक्शा चालक की पहचान और महिला की तलाश के लिए विशेष टीम जांच में जुटी हुई है। मामले की जांच सहायक फौजदार भास्कर राऊत कर रहे हैं।










