Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

नौतपा : पहले दिन ही तपा विदर्भ, अगले 9 दिन झुलसाएगी गर्मी, संभाजी नगर में भी चढ़ा पारा, कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर 24,छत्रपति संभाजी नगर.

देशभर में भीषण गर्मी का दौर और तेज हो गया है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है, जिसके साथ ही अगले 9 दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहेगा और कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 47.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है। तेज गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

संभाजी नगर में मौसम ने ली अंगड़ाई

सोमवार शाम शहर में अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन संभाजी नगर में अधिकतम तापमान 41.2°C रिकॉर्ड किया गया। बारिश की वजह से उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इसके बाद शहर में गर्मी का असर कम होने लगेगा।

क्या होता है नौतपा?

नौतपा वह अवधि होती है जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। यह समय आमतौर पर साल के सबसे गर्म दिनों में माना जाता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान धरती पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। इस साल नौतपा 26 मई से शुरू होकर अगले 9 दिनों तक रहेगा।

महाराष्ट्र में विदर्भ सबसे ज्यादा प्रभावित

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गर्मी सबसे ज्यादा असर दिखा रही है। ब्रह्मपुरी के अलावा चंद्रपुर और नागपुर में भी तापमान बेहद ऊंचा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक यहां लू चलने की चेतावनी दी है।हालांकि छत्रपति संभाजीनगर में रविवार को थोड़ी राहत देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान करीब 40°C दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम रहा।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर

उत्तर प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। बांदा रविवार को राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। गर्मी के चलते सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिला। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।

मध्य प्रदेश के कई शहरों में पारा 45°C के पार

मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नौगांव और खजुराहो में रविवार को अधिकतम तापमान 45.8°C रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में तेज गर्म हवाएं चलीं।

 

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

IMD ने 26 मई को कई राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं:

  • महाराष्ट्र
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • उत्तर प्रदेश
  • दिल्ली
  • हरियाणा
  • पंजाब
  • छत्तीसगढ़
  • ओडिशाए
  • हिमाचल प्रदेश
  • जम्मू-कश्मीर

मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों मेंगर्म हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

29 मई से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। कुछ राज्यों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

डॉक्टरों की सलाह: लू से ऐसे बचें

विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

  • दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
  • ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
  • ORS और नींबू पानी का सेवन करें
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

देश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए आने वाले कुछ दिन लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

और पढ़ें