वीरेंद्र जैन | मुंबई
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। लंबे समय से चल रही अटकलों और बैठकों के बाद पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। जारी सूची के अनुसार छत्रपति संभाजीनगर-जालना – सुहास शिरसाट, धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटील, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, अमरावती से प्रविण पोटे पाटील और नागपुर से डॉ. राजीव पोतदार को उम्मीदवार बनाया गया है। सभी उम्मीदवार सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
BJP के 11 उम्मीदवारों की पूरी सूची
- छत्रपति संभाजीनगर-जालना – सुहास शिरसाट
- सोलापुर – राजेंद्र राऊत
- अहिल्यानगर – प्राजक्त तनपुरे
- नांदेड़ – अमर राजूरकर
- धाराशिव-लातूर-बीड – बसवराज पाटील
- जलगांव – नंदकिशोर महाजन
- वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली – अरुण लखानी
- भंडारा-गोंदिया – अविनाश ब्राह्मणकर
- अमरावती – प्रविण पोटे पाटील
- सांगली-सातारा – धैर्यशील कदम
- नागपुर – डॉ. राजीव पोतदार
दिल्ली में हुई बैठक के बाद नामों पर लगी मुहर
विधान परिषद चुनाव के उम्मीदवारों को लेकर BJP में पिछले कई दिनों से मंथन चल रहा था। राज्य स्तर पर हुई बैठकों में करीब 48 नामों का पैनल तैयार किया गया था, जिसे प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था।इसके बाद दिल्ली में BJP की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय नेतृत्व ने उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया। बैठक के बाद देर रात पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।









