महाराष्ट्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में किसानों के लिए 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी योजना को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि, विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने पहले ही संकेत दिए थे कि जून महीने में किसानों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया जाएगा। उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए राज्य सरकार ने कृषि ऋण माफी के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।
पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमाफी योजना को मंजूरी
राज्य मंत्रिमंडल ने ‘पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमाफी योजना’ को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के तहत किसानों के 2 लाख रुपये तक के फसल ऋण माफ किए जाएंगे। इसके अलावा जो किसान नियमित रूप से अपना कृषि ऋण चुकाते रहे हैं, उन्हें 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन अनुदान भी दिया जाएगा। इससे ईमानदारी से ऋण चुकाने वाले किसानों को भी लाभ मिलेगा।
56 लाख किसानों को मिलेगा फायदा
सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत राज्य के लगभग 56 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। राज्य में 65 लाख से अधिक ऋण खातों के लिए कुल 36,585 करोड़ रुपये की कर्जमाफी दी जाएगी।
चुनाव आचार संहिता के बाद होगी घोषणा
विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद सहकार विभाग योजना की विस्तृत नियमावली और पात्रता शर्तों का परिपत्र जारी करेगा। इसके बाद योजना को औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा।सरकार के इस फैसले को किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और कई किसान कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं।