Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

मुरैना ट्रेन हादसा: आग की अफवाह से ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 4 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर 24,मुरैना. मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद मची अफरा-तफरी के बीच कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, खजुराहो से उदयपुर जा रही 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम करीब 4 बजे मुरैना के हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के एक जनरल कोच में आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
घबराए यात्रियों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी, जिसके बाद ट्रेन रुक गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए। तभी दूसरी ओर से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और कुछ यात्री उसकी चपेट में आ गए।

“>

चार लोगों की मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन रुकते ही कई लोग नीचे उतर गए थे। इसी दौरान दूसरी लाइन पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस को देखकर लोग संभल नहीं पाए और चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचा रेलवे प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों और प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि इंटरसिटी एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के कारण ट्रेन रुकी थी। ट्रेन रुकने के दौरान कुछ यात्री नीचे उतरकर पास की रेलवे लाइन पर चले गए, जहां दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

जांच के आदेश

रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की अफवाह कैसे फैली और किन परिस्थितियों में यात्री ट्रैक पर पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।

और पढ़ें