महाराष्ट्र खबर 24,छत्रपति संभाजीनगर.
शहर में इन दिनों चोरी और लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मई महीने की शुरुआत के साथ ही चोरों ने रफ्तार पकड़ ली है और घरों, दुकानों से लेकर सड़कों तक आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। कंचनवाड़ी और पुंडलिकनगर इलाकों में चोरों ने लाखों रुपये के सोने के आभूषण पार कर दिए, वहीं रामनगर कॉर्नर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम और मोंढा नाका की एक हार्डवेयर दुकान में सेंधमारी कर लाखों का सामान चोरी कर लिया गया।
सोने के गहने लेकर फरार
कंचनवाड़ी के वैतागवाड़ी नाथनगर इलाके में माया संतोष रायकर के बंद घर में 24 अप्रैल से 1 मई के बीच चोरी हुई। चोर 23 ग्राम से अधिक सोने के गहने लेकर फरार हो गए। सतारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, गरखेड़ा के तिरुमाला मंगल खरड़ में शादी समारोह के दौरान भी चोरी की घटना सामने आई। नासिक निवासी रितेश भोसले के बैग से एक तोला सोने की चेन और 18,000 रुपये नकद चोरी हो गए। यह घटना 1 से 3 मई के बीच हुई, जिसके बाद पुंडलिकनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।रामनगर कॉर्नर स्थित सेंटर पॉइंट बिल्डिंग में एस.एस. टेक्नोलॉजी नामक दुकान में 2 मई की रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर 5 लैपटॉप, 59 कैमरे, 15 प्रिंटर और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.80 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में उस्मानपुरा पुलिस ने केस दर्ज किया है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।









