मुंबई / महाराष्ट्र खबर 24
देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। एक ओर जहां कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश ने हालात बदल दिए हैं।महाराष्ट्र का वर्धा 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा चंद्रपुर में 44.4°C, जबकि राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में भी तापमान 44°C के पार दर्ज किया गया।वहीं छत्रपति संभाजीनगर में लोगों को गर्मी से राहत मिली। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 40.2°C दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों के मुकाबले कम है। हालांकि बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान रहे। छुट्टी का दिन होने के कारण बाजारों में रौनक भी देखने को मिली।

इधर उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। राजस्थान के जयपुर, टोंक और अजमेर में आंधी-बारिश के चलते 3 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड के कई हिस्सों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है।देहरादून में घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया, जिसके बाद तेज बारिश शुरू हुई। हरियाणा के अंबाला में भी बारिश से कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं यूपी के कई इलाकों में ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव बना रहेगा। इसके प्रभाव से 4 और 5 मई को कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।विभाग ने कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 8 मई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए विजिट करें:
maharashtrakhabar24.in









