Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

Nagpur Rain News: नागपुर में 3 घंटे में 104.5 मिमी बारिश, 461 लोगों का रेस्क्यू; स्कूल-कॉलेज बंद, विदर्भ में रेड अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Nagpur Rain News:  नागपुर में मंगलवार को महज तीन घंटे के भीतर 104.5 मिमी (करीब 4 इंच) बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया और सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रशासन को जलमग्न क्षेत्रों से 461 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा।

Nagpur Rain News: अंडरपास डूबे, ट्रैफिक व्यवस्था ठप

मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। सोमलवाड़ा रेलवे अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने के कारण उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया। वहीं नरेंद्र नगर और मनीष नगर अंडरब्रिज भी जलमग्न हो गए, जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई और शहर के कई हिस्सों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

सोमलवार स्कूल में फंसे बच्चों का रेस्क्यू

दक्षिण-पश्चिम नागपुर के खामला स्थित सोमलवार स्कूल में अचानक पानी भर जाने से कई स्कूली बच्चे परिसर में फंस गए। सूचना मिलते ही नागपुर नगर निगम (NMC) की अग्निशमन सेवा और आपदा बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए।

“>

व्यावसायिक क्षेत्रों में भी जलभराव

छत्रपति चौक स्थित प्रसिद्ध ‘रामजी श्यामजी पोहावाला’ की दुकान सहित कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पानी घुस गया। शहर के कई निचले इलाकों में मकानों और दुकानों में नालों का गंदा पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

“>

आज नागपुर में स्कूल, कॉलेज  बंद

भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए नागपुर के जिलाधिकारी ने 29 जुलाई को सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।

गडचिरोली में भी सभी शैक्षणिक संस्थान बंद

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के नागपुर क्षेत्रीय केंद्र ने गडचिरोली जिले के लिए 29 जुलाई को रेड अलर्ट और 30 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित अति भारी वर्षा और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने जिले के सभी आंगनवाड़ी, सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आश्रम स्कूल और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में 29 जुलाई को अवकाश घोषित किया है।

विदर्भ सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को विदर्भ, 30 जुलाई को पश्चिमी विदर्भ, खानदेश, उत्तरी मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और कोंकण में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 31 जुलाई को भी खानदेश और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में तेज बारिश का अनुमान है। वहीं 30 से 31 जुलाई के बीच मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भी बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आपदा प्रबंधन से जुड़े निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 और अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.

और पढ़ें