Puri rathyatra: विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 के पहले दिन गुरुवार को ओडिशा के पुरी में बड़ा हादसा हो गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा के दौरान ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
भक्तों का घुटने लगा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को मंदिर से बाहर लाने के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। एक श्रद्धालु बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) और आपातकालीन सेवाओं की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायल श्रद्धालुओं को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने ग्रैंड रोड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और मेडिकल टीमों की तैनाती कर दी है।
Puri rathyatra : रथ यात्रा 2026 की भव्य शुरुआत
दुनिया भर में प्रसिद्ध जगन्नाथपुरी रथ यात्रा गुरुवार को पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की वार्षिक यात्रा के साक्षी बनने पुरी पहुंचे। घंटे-घड़ियाल, शंख और झांझ की ध्वनियों के बीच सबसे पहले चक्रराज सुदर्शन को मंदिर से बाहर लाकर देवी सुभद्रा के रथ ‘दर्पदलन’ पर स्थापित किया गया। इसके बाद पहंडी रस्म के तहत देवी सुभद्रा और फिर भगवान जगन्नाथ को रथों पर विराजमान कराया गया। भगवान जगन्नाथ के मंदिर से बाहर आते ही पूरा ग्रैंड रोड “जय जगन्नाथ” के जयकारों से गूंज उठा।
पढ़ें महाराष्ट्र और देश-दुनिया की ताजा खबरें:
👉 https://maharashtrakhabar24.in









