गोदावरी नदी में नहाने उतरे पांच लोगों में से चार को बचाया गया
महाराष्ट्र खबर 24| प्रतिनिधि, पैठण
छत्रपति संभाजीनगर जिले से रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पैठण आए एक परिवार की खुशियां मंगलवार को उस समय मातम में बदल गईं, जब नाथसागर डैम के पास गोदावरी नदी में नहाने गए पांच लोगों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से शादी समारोह में शामिल परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर फैल गई।मृतक की पहचान इमरान दगडू बागवान तिसगांववाले (40 वर्ष), निवासी गंगापुर, छत्रपति संभाजीनगर के रूप में हुई है।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गंगापुर से बागवान परिवार के करीब 20 से 25 सदस्य पैठण तालुका के वाहेगांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य दोपहर करीब 3 बजे नाथसागर डैम घूमने पहुंचे। उस समय डैम के दो गेट खुले होने के कारण गोदावरी नदी में पानी छोड़ा जा रहा था। बहते पानी को देखकर परिवार के पांच लोग नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव में सभी का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय नागरिकों की मदद से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इमरान बागवान पानी में लापता हो गया।
कई घंटों तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही बागवान परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। महिलाओं और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक महादेव गोमारे के नेतृत्व में पुलिस टीम और पैठण नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार शाम करीब 5:30 बजे इमरान बागवान का शव नदी से बरामद कर लिया गया।









