विशेष संवाददाता,छत्रपति संभाजीनगर. शहर में ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोन-पे के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अपराध शाखा ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 4 लाख 73 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया है, जिसमें CO2 बॉटल मशीनें और एक स्कोडा कार भी शामिल है।
पुलिस टीम ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, यह मामला नवीननगर पुलिस थाना क्षेत्र का है, जहां 19 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच शेख मजीद मोहल्ला इलाके में ठगी की घटना सामने आई थी। शिकायतकर्ता अनिल रघुनाथ खांडगे ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने फोन-पे के माध्यम से धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा ने जांच शुरू की। गुप्त मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और वालूज स्थित MIDC क्षेत्र में वाईएस इंटरनेशनल कंपनी के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद हमीद खान (35), नितीन अनिल शिंदे (33) और रवी सुभाष शेख (34) के रूप में हुई है। ये सभी छत्रपति संभाजीनगर के निवासी हैं।

फर्जी नामों का करते थे इस्तेमाल
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फर्जी नामों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन लेनदेन और मशीनों के नाम पर लोगों को झांसा देते थे। पुलिस ने इनके पास से 73 हजार रुपये मूल्य की दो CO2 बॉटल मशीनें और एक स्कोडा कार जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 4.73 लाख रुपये बताई जा रही है।इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त प्रविण पवार, पुलिस उप आयुक्त (अपराध) शलाका नवले और सहायक पुलिस आयुक्त अजिंक्य पाटील के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।फिलहाल, मामले की आगे की जांच नवीननगर पुलिस थाने के उपनिरीक्षक अजिंक्य बोराडे कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।











