Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

छत्रपति संभाजीनगर : हिट एंड रन, तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से कॉलेज छात्रा की मौत, दो सहेलियां घायल, चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर, छत्रपति संभाजीनगर

शहर के सातारा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कॉलेज की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां घायल हो गईं। तीनों युवतियां एक मोपेड पर सवार होकर घर लौट रही थीं, तभी एक अज्ञात हाइवा (डंपर) ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। यह दुर्घटना 13 जून की शाम करीब 6:30 बजे धुले-सोलापुर हाईवे पर आईआरबी पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक छात्रा की पहचान प्रतीक्षा बालासाहेब सांगवे (21), निवासी चाकूर, जिला लातूर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रतीक्षा अपनी सहेलियों गीतांजली और ऋतुजा के साथ कॉलेज का प्रैक्टिकल पूरा करने के बाद घर लौट रही थी। तीनों सर्विस रोड से सातारा गांव की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए एक अज्ञात हाइवा ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रतीक्षा सड़क किनारे गिर गई और हाइवा का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दोनों युवतियां सड़क के किनारे गिरने से गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गईं, हालांकि वे घायल हो गईं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। देर रात तक आरोपी चालक पुलिस थाने नहीं पहुंचा था और उसकी तलाश जारी थी।

पिता के इलाज का सपना अधूरा रह गया

प्रतीक्षा कंप्यूटर साइंस के चौथे वर्ष की छात्रा थी और नौकरी की तलाश में पुणे में इंटर्नशिप कर रही थी। छह साल पहले उसके पिता एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और तब से बिस्तर पर हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी मां पर थी।प्रतीक्षा का सपना था कि अच्छी नौकरी हासिल कर पिता का बेहतर अस्पताल में इलाज कराए और परिवार की स्थिति सुधारे। लेकिन एक सड़क हादसे ने उसके सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया।

कॉलेज के संदेश पर पुणे से लौटी थी

बताया जा रहा है कि कॉलेज की ओर से उपस्थिति अनिवार्य होने का संदेश मिलने के बाद प्रतीक्षा रात में ही पुणे से रवाना हुई थी और शुक्रवार सुबह शहर पहुंची थी। वह एक सहेली के कमरे पर ठहरने के बाद कॉलेज गई थी। कॉलेज खत्म होने के बाद उसे सिडको एन-5 इलाके में अपने रिश्तेदारों के यहां जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

सहेली का शव देखकर बेहोश हुई छात्रा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों सहेलियां पूरे दिन साथ थीं और लौटते समय आपस में बातचीत कर रही थीं। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। अपनी सहेली का क्षत-विक्षत शव देखकर एक छात्रा सदमे में आकर बेहोश हो गई, जिसे भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार हाइवा चालक की तलाश शुरू कर दी है।

और पढ़ें