Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

टेलीग्राम पर 30% मुनाफे का झांसा, छत्रपति संभाजीनगर की महिला से ₹22.05 लाख की साइबर ठगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Cyber Crime : अमेरिका (US) के शेयर बाजार में महज एक महीने में 30% मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने छत्रपति संभाजीनगर की एक महिला से 22 लाख 5 हजार 507 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बताकर फर्जी दस्तावेज और लाइसेंस भेजे तथा टेलीग्राम ग्रुप के जरिए भरोसा जीतकर वारदात को अंजाम दिया।

एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सावित्री नगर निवासी मनीषा आरके (34) को 13 जून 2026 को टेलीग्राम पर “CA प्रतीक” नाम के अकाउंट से संदेश मिला। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन 15 जून को अमेरिका के शेयर बाजार में निवेश कर एक महीने में 30% रिटर्न का दावा किए जाने पर उन्होंने रुचि दिखाई। इसके बाद महिला को “Earn Money” नामक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेशकों के कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं साझा की जा रही थीं। भरोसा बढ़ाने के लिए आरोपी ने खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट बताते हुए फर्जी प्रमाणपत्र और शेयर बाजार से जुड़े कथित लाइसेंस भी भेजे।

Cyber Crime :  49 ट्रांजैक्शन में जमा कराए ₹22.05 लाख

ठगों के झांसे में आकर महिला ने 16 से 29 जून के बीच फोनपे और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से 49 अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल ₹22,05,507 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। इस रकम में परिवार की बचत, बैंक ऋण और सोना गिरवी रखकर प्राप्त धन भी शामिल था।

घर बनाने के लिए पैसे मांगे तो खुली ठगी की पोल

30 जून को घर निर्माण के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर महिला ने अपनी निवेश राशि और मुनाफा वापस मांगा। इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और टेलीग्राम ग्रुप व निजी चैट के सभी संदेश डिलीट कर दिए। तब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच एमआईडीसी सिडको पुलिस कर रही है।

पुलिस की अपील

साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर मिलने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव पर बिना जांच के भरोसा न करें।

सावधान रहें :

  • एक महीने में 20-30% या उससे अधिक रिटर्न का दावा करने वाले निवेश प्रस्तावों से बचें।
  • केवल SEBI से पंजीकृत निवेश प्लेटफॉर्म और सलाहकारों पर ही भरोसा करें।
  • किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या सोशल मीडिया निवेश योजना में पैसा निवेश न करें।
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

और पढ़ें