Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

UP में LPG संकट के बीच बड़ी चोरी: लखीमपुर खीरी में 108 सिलेंडर गायब,दीवार तोड़कर गोदाम में घुसे चोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भरे हुए 98 सिलेंडर भी ले गए; पुलिस CCTV खंगाल रही

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश में LPG की किल्लत के बीच बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। पलिया क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम से चोर 108 सिलेंडर लेकर फरार हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

दीवार तोड़कर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात चोरों ने करुणा गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाया। शातिर तरीके से पहले दीवार तोड़ी, फिर गेट को क्षतिग्रस्त कर अंदर घुसे और बड़ी संख्या में सिलेंडर चुरा ले गए। चोरी हुए सिलेंडरों में 98 भरे हुए और 10 खाली बताए जा रहे हैं।
सुबह कर्मचारियों को लगी भनक
शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब कर्मचारी गोदाम पहुंचे तो टूटी दीवार देखकर शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो बड़ी संख्या में सिलेंडर गायब थे। इसके बाद एजेंसी संचालक करुणा सिंह को सूचना दी गई और पुलिस को मामला बताया गया।

संगठित गिरोह पर शक

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना वाहन के संभव नहीं है, ऐसे में किसी संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है। 

और पढ़ें