राजू राजपूत,छत्रपति संभाजीनगर : घर की छत डालने का काम चल रहा था, तभी लटकती हुई बिजली की तार से ट्रॉली का संपर्क हो गया, जिससे करंट लगने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना रविवार शाम मिसारवाड़ी इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।मृतकों की पहचान विशाल अंकुश चव्हाण (26, निवासी जय भवानी नगर) और मलकन बापू जाधव (35, निवासी विठ्ठल मंदिर के पास, मुकुंदवाड़ी) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर छत डालने के काम में लगे हुए थे।
ऐसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मिसारवाड़ी की एक गली में मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। छत डालने के लिए सीमेंट, गिट्टी और रेत को ऊपर पहुंचाने के लिए एक स्वचालित लिफ्ट (ट्रॉली) लगाई गई थी। इसी लिफ्ट के ऊपर से बिजली की तारें गुजर रही थीं। काम अंतिम चरण में था, तभी ट्रॉली का संपर्क सीधे बिजली की तारों से हो गया। उसी समय सीमेंट का माल लेने गए विशाल और मलकन को जोरदार करंट लगा और वे कुछ दूरी पर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही सिडको पुलिस मौके पर पहुंची।दोनों को तुरंत शासकीय मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (घाटी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में सिडको पुलिस थाने में संबंधितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।









