Earthquake in marathwada : मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया। हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों के कई इलाकों में रात 1 बजकर 37 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.7 दर्ज की गई, जबकि हिंगोली जिले के शिरली क्षेत्र में इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। भूकंप के झटकों के कारण कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरी रात जागकर बिताई। नांदेड़ शहर के तरोडा नाका, मालेगांव, कावरानगर और नीला रोड समेत कई क्षेत्रों में लोगों ने झटके महसूस किए।
Earthquake in marathwada : भूकंप का केंद्र शिरली
हिंगोली जिले में पिछले कुछ वर्षों से लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में डर और चिंता बढ़ गई है। गुरुवार तड़के 1:37 बजे आए पहले भूकंप का केंद्र शिरली (तहसील वसमत) बताया गया, जिसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे थी।
लगातार 4 झटके
इसके बाद भी भूकंप के झटकों का सिलसिला जारी रहा। रात 2:15 बजे रिक्टर स्केल पर 3.6, 2:17 बजे 3.9 और 3:23 बजे 4.1 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए। बाद के झटकों का केंद्र काकड़दाभा (औंढा नागनाथ) क्षेत्र को बताया गया है।भूकंप के झटके वसमत, हिंगोली, कलमनुरी और औंढा नागनाथ तहसीलों में सबसे अधिक महसूस किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पूरी रात घरों से बाहर रहे।
मकान की दीवार गिरी
भूकंप के कारण कुछ स्थानों पर नुकसान की भी खबर है। आमदरी गांव में एक मकान की दीवार गिर गई, जबकि 10 से 12 घरों में दरारें आ गई हैं। वहीं पांगरा शिंदे गांव में करीब 50 से 60 घरों की दीवारों में दरारें पड़ने की सूचना है। जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।










