Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

छत्रपति संभाजीनगर : ‘उत्तम उपहार गृह’ पर FDA की बड़ी कार्रवाई, लाइसेंस निलंबित, होटल सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

FDA की बड़ी कार्रवाई : रऊफ खान, महाराष्ट्र खबर24,छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त रुख अपनाया है। कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के तहत अब छत्रपति संभाजीनगर के ‘उत्तम उपहार गृह’ पर बड़ी कार्रवाई की गई है।

इमरती के लिए मशहूर इस पुराने प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर होटल बंद करा दिया गया। FDA की टीम ने होटल के किचन और उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, ये कमियां ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती थीं।

FDA की बड़ी कार्रवाई : रेस्टोरेंट का लाइसेंस, बन रहीं थीं मिठाइयां

जांच में पता चला कि संचालक के पास केवल रेस्टोरेंट चलाने का लाइसेंस था, जबकि परिसर में बड़े पैमाने पर मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। नियमों के अनुसार इसके लिए अलग मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस आवश्यक है।
बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था तेल

FDA ने पाया कि भजिया और समोसे तलने के लिए एक ही तेल का बार-बार उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान TPC/BR रीडिंग 58 दर्ज की गई, जिसे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण माना गया। वहीं इमरती और जलेबी बनाने में इस्तेमाल हो रहे वनस्पति घी (डालडा) की BR रीडिंग 36 पाई गई।

ड्रेनेज के पास रखा मिला इडली का घोल

निरीक्षण के दौरान इडली का खमीरयुक्त घोल ड्रेनेज लाइन के पास खुले में रखा हुआ मिला। FDA ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन बताया।

सिंथेटिक रंग का इस्तेमाल

मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए टार्ट्राजीन (Tartrazine) नामक सिंथेटिक फूड कलर का उपयोग किया जा रहा था। हालांकि कर्मचारियों को इसके सुरक्षित उपयोग की मात्रा की जानकारी नहीं थी।

अन्य गंभीर कमियां
  • कूड़ेदान खुले मिले।
  • खिड़कियों पर जाली नहीं लगी थी।
  • पूरे परिसर में भारी गंदगी पाई गई।
  • खाद्य सुरक्षा के कई मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
नमूने लैब भेजे गए, लाइसेंस निलंबित

FDA ने होटल का लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही इस्तेमाल किए जा रहे तेल और वनस्पति घी के नमूने रासायनिक जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे गए हैं।FDA ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी होटल या खाद्य प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

(नोट: जांच में सामने आए निष्कर्ष FDA की निरीक्षण कार्रवाई पर आधारित हैं। अंतिम रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।)

सभी होटल और रेस्टोरेंट ग्राहकों को मुफ्त में शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराएं : तुकाराम मुंढे

और पढ़ें