Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

सरकार ने वादा नहीं निभाया, अब ‘जेल भरो’ आंदोलन की तैयारी: कर्जमाफी को लेकर रोहित पवार का सरकार पर हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर24,छत्रपति संभाजीनगर

किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को छत्रपति संभाजीनगर में बड़ा आंदोलन शुरू किया। आंदोलन से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पंढरपुर आंदोलन के दौरान सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। रोहित पवार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार आंदोलन को दबाने की कोशिश करती है, तो ‘जेल भरो आंदोलन’ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो विदर्भ में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। सोमवार को केंब्रिज चौक पर रास्ता रोको आंदोलन किया गया। इसके बाद किसानों से चर्चा कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। आंदोलन में सांसद सुप्रिया सुले, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधायक शशिकांत शिंदे समेत महाविकास अघाड़ी के कई नेता शामिल हुए।

जीआर पर उठाए सवाल

रोहित पवार ने राज्य सरकार के कर्जमाफी संबंधी सरकारी आदेश (GR) पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कर्जमाफी की शर्तों और तकनीकी खामियों के कारण हजारों किसान लाभ से वंचित रह जाएंगे।

उन्होंने फसल बीमा योजना में किए गए बदलावों की भी आलोचना की। उनके अनुसार, राज्य के किसानों को करीब 17 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन योजना से ‘ट्रिगर’ प्रणाली हटाए जाने के कारण किसानों को केवल करीब 1,200 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला। इससे लगभग 16 हजार करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी। उन्होंने मांग की कि फसल बीमा योजना में हटाए गए सभी चार ट्रिगर दोबारा लागू किए जाएं।

आंदोलन के दौरान सुप्रिया  हिरासत में

कर्जमाफी और किसानों के अन्य मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान पुलिस ने सांसद सुप्रिया सुले और राजेश टोपे को हिरासत में ले लिया। संभाजीनगर-जालना हाईवे स्थित केंब्रिज चौक पर आंदोलन के बाद रोहित पवार ने घोषणा की कि अब महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक के विरोध में भी आंदोलन किया जाएगा।

 सोमवार को आंदोलन के मद्देनज़र पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की। मराठवाड़ा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शरद पवार समर्थक कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल हुए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित महाविकास अघाड़ी के कई नेताओं ने भी आंदोलन में भाग लिया। विपक्ष ने मराठवाड़ा से किसानों के मुद्दों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

ताजा खबरों के लिए विजिट करें:maharashtrakhabar24.in

और पढ़ें