महाराष्ट्र खबर 24| मुंबई
महाराष्ट्र में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कोंकण, गोवा, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।
कोंकण-गोवा में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार 4 जून को कोंकण और गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण महाराष्ट्र और गोवा के तटीय क्षेत्रों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मराठवाड़ा-विदर्भ में तेज आंधी का अलर्ट
मराठवाड़ा और विदर्भ के जिलों में मौसम विभाग ने तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट
लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच राज्यवासियों के लिए राहत की खबर है। अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आज शाम केरल पहुंच सकता है मानसून
भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आज शाम 7 से 8 बजे के बीच केरल में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस वर्ष मानसून केरल पहुंचने में देरी हुई है। पहले इसके 26 मई को पहुंचने का अनुमान था, जबकि सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है।
कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सहित कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार क्यूम्युलोनिम्बस बादलों के कारण 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश हो सकती है।











