संभाजीनगर में बड़ी कार्रवाई : शहर पुलिस की अपराध शाखा ने मिटमिटा क्षेत्र स्थित मृतक डॉन बाबा फरजान के आवास पर देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, करोड़ों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने शनिवार दोपहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगने की आशंका के बावजूद पूरे अभियान को अत्यंत गोपनीय रखा गया। यहां तक कि छावनी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित इस कार्रवाई की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को भी पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक नहीं दी गई थी। अपराध शाखा की टीम ने मिटमिटा क्षेत्र में लगभग एक एकड़ परिसर में बने डॉन बाबा फरजान के बंगले पर छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई में शामिल अधिकांश पुलिसकर्मी नियमित टीम के सदस्य नहीं थे, जिससे गोपनीयता बनाए रखने में मदद मिली।
संभाजीनगर में बड़ी कार्रवाई : नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीनें
छापेमारी के दौरान पुलिस को 5 करोड़ 26 लाख 29 हजार 560 रुपये की नकदी बरामद हुई। इतनी बड़ी राशि की गणना के लिए पुलिस को दस करेंसी काउंटिंग मशीनों का उपयोग करना पड़ा। इसके अलावा, विभिन्न प्रकार के हथियारों में उपयोग होने वाले 632 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 21 हथियार भी जब्त किए हैं, जिनमें से चार हथियारों के लाइसेंस मृतक डॉन बाबा फरजान के नाम पर दर्ज होने की जानकारी अधिकारियों ने दी है। कार्रवाई के दौरान परिसर से 45 शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। इसके अलावा, पुलिस ने 151.33 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस कर्मचारी योगेश डोंगर नवसारे की शिकायत पर छावनी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
सूत्रों के अनुसार, पुलिस आयुक्तालय के कई अधिकारी और कर्मचारी मिटमिटा क्षेत्र के मुख्य मार्ग से लगभग 500 मीटर दूर स्थित घटनास्थल पर पूरी रात मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई की तैयारी और प्रक्रिया शुक्रवार सुबह से ही शुरू हो गई थी और इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया।
बरामद सामग्री
पुलिस के अनुसार, बंगले से कुल 5 करोड़ 63 लाख 37 हजार 994 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। इसमें शामिल हैं-17 चाकू,3 गुप्ती,2 पिस्टल,4 रायफल,632 जिंदा कारतूस,45 शराब की बोतलें,लगभग 21.34 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण,लगभग 8.09 लाख रुपये मूल्य के 3.9 किलोग्राम वजन के अन्य आभूषण।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद सामग्री के स्रोत तथा उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।










