Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

संभाजीनगर : शादी और दुबई नौकरी का झांसा देकर महिला टीचर से 3.41 लाख रुपये व 6 तोला सोना ठगा, धर्म परिवर्तन का भी दबाव; केस दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र खबर24,छत्रपति संभाजीनगर : शहर में एक महिला शिक्षक को शादी और दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने, लाखों रुपये और सोना ठगने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। पुंडलिकनगर पुलिस ने आरोपी हुसैन अबू सोयदान (45, निवासी नेहरूनगर, कटकट गेट) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

यह है मामला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता  नक्षत्रवाड़ी के एक स्कूल में शिक्षिका है। जून 2024 में उसकी मुलाकात उसी स्कूल में पढ़ाने वाले आरोपी से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी, जिसके बाद आरोपी ने महिला को शादी करने और पढ़ाई पूरी होने के बाद दुबई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच वेदांतनगर और सिडको क्षेत्र के होटलों में अलग-अलग समय पर ऑनलाइन और नकद रूप में कुल 3 लाख 41 हजार रुपये लिए। इसके अलावा 20 अप्रैल को निराला बाजार स्थित एक होटल में पासपोर्ट और विदेश यात्रा संबंधी प्रक्रिया का हवाला देकर महिला से 6 तोला सोना भी ले लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे यह भी कहा था कि विदेश में नौकरी पाने के लिए उसे इस्लाम धर्म स्वीकार करना होगा। बाद में आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और शादी के बारे में टालमटोल जवाब देने लगा। 1 जून के बाद उसका मोबाइल नंबर भी बंद हो गया, जिसके बाद महिला को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।

पति ने पीड़िता  को घर से निकाला 

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि जनवरी 2026 में आरोपी ने एक होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि आरोपी ने उससे कहा था कि वह अपने पति को तलाक देकर उसके साथ रहे।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अप्रैल में महिला के पति को उसके विवाहेतर संबंधों की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने उसे घर छोड़ने के लिए कहा। पुंडलिकनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

और पढ़ें