Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

छत्रपति संभाजीनगर में सनसनी: टीसी लेने आए छात्र ने शिक्षक पर किया चाकू से जानलेवा हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो साल पहले फेल होने की रंजिश में वारदात, घायल शिक्षक अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र खबर 24,छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक स्कूल में टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) लेने आए एक नाबालिग छात्र ने अपने पूर्व क्लास टीचर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि छात्र दो साल पहले परीक्षा में फेल होने का गुस्सा मन में पाले हुए था।

मुख्याध्यापिका के कक्ष में आधे घंटे तक चला विवाद
जानकारी के अनुसार, छात्र टीसी लेने के लिए स्कूल पहुंचा और सीधे मुख्याध्यापिका के कक्ष में गया। वहां उसकी मुलाकात उसके पूर्व शिक्षक विशाल धूशिंग से हुई। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मुख्याध्यापिका और अन्य शिक्षकों ने करीब आधे घंटे तक छात्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।
बाहर निकलते ही शिक्षक पर किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2023 में नौवीं कक्षा में पढ़ते समय छात्र परीक्षा में फेल हो गया था। उस समय भी उसका अपने क्लास टीचर विशाल धूशिंग से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते छात्र कथित तौर पर ऑनलाइन मंगाया हुआ चाकू अपने साथ लेकर स्कूल पहुंचा था।जैसे ही शिक्षक मुख्याध्यापिका के कक्ष से बाहर निकले, छात्र ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति को भी उसने चाकू दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। हालांकि मुख्याध्यापिका ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बचा लिया।
 

“>

 शिक्षक अस्पताल में भर्ती, छात्र हिरासत में
हमले में गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
कई गंभीर सवाल खड़े करती है घटना
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और समाज के सामने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या छात्रों के भीतर बढ़ रहे तनाव, गुस्से और मानसिक दबाव को समय रहते पहचानने में व्यवस्था नाकाम हो रही है? साथ ही, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नाबालिगों तक घातक हथियार इतनी आसानी से कैसे पहुंच रहे हैं? स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर शिक्षक पर हमला होना गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

और पढ़ें