Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

Nagpur Heatwave News: सफर पर निकले थे, क्या पता था नागपुर में ‘मौत’ कर रही थी इंतजार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 maharashtrakhabar24.in,Nagpur,

विदर्भ में पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। बुधवार को नागपुर रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन यात्री शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी मौतों के पीछे हीटस्ट्रोक और अत्यधिक गर्मी को संभावित कारण माना जा रहा है।

45.7 डिग्री पहुंचा तापमान, हालात बेकाबू

विदर्भ में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। बुधवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।

दोपहर के समय रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के डिब्बों में हालात और भी खराब हो रहे हैं, जिससे यात्रियों की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं बढ़ रही हैं।रेलवे स्टेशन पर एक ही दिन में पांच मौतों की घटना ने रेलवे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नागपुर स्टेशन पर इतनी बड़ी संख्या में मौत का मामला पहली बार सामने आया है।

रेलवे स्टेशन परिसर में मिली दो लाशें

लोहमर्ग पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11:40 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन संख्या 22692 निजामुद्दीन-बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस के गार्ड कोच के पास लगभग 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।इसके करीब एक घंटे बाद दोपहर 12:48 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1 के नए वेटिंग एरिया के पास करीब 70 वर्षीय एक अन्य बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि दोनों मृतक भिखारी हो सकते हैं। फिलहाल उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

चलती ट्रेनों में तीन यात्रियों की मौत

भीषण गर्मी का असर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों पर भी पड़ा।दोपहर 2:35 बजे नागपुर स्टेशन पहुंची ट्रेन संख्या 15293 चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच में 60 वर्षीय महिला यात्री मुसारिका रोन्नामा मृत पाई गईं।

इसके बाद 3:12 बजे ट्रेन संख्या 12621 चेन्नई सेंट्रल-नई दिल्ली तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में 34 वर्षीय मेहरबान केवट की मौत हो गई।शाम 7:37 बजे ट्रेन संख्या 12833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के S/2 कोच में एक अन्य यात्री की भी मौत हो गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों यात्रियों की तबीयत गर्मी और उमस के कारण बिगड़ी थी।

पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मौत का मामला

नागपुर रेलवे पुलिस ने सभी मामलों में आकस्मिक मौत (AD) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गौरव गवांडे ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।हालांकि पुलिस और रेलवे प्रशासन ने माना है कि अत्यधिक गर्मी और हीटस्ट्रोक इन मौतों के पीछे बड़ा कारण हो सकते हैं।

रेलवे प्रशासन की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से गर्मी के मौसम में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। यात्रियों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और लंबे सफर के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है।

Weather Alert: भीषण गर्मी के बीच 11 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र में भी बदलेगा मौसम

देशभर में इस समय भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों के दौरान 11 राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

महाराष्ट्र में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
महाराष्ट्र के कई जिलों में मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 29 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।


मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 मई को विदर्भ के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की सलाह

  • खराब मौसम के दौरान खुले मैदान में न जाएं
  • पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें
  • बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें
  • यात्रा करते समय मौसम अपडेट जरूर देखें
  • गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं

और पढ़ें