Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

भुजबल, नवनीत का पत्ता साफ, NCP ने राजेंद्र जैन को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई | महाराष्ट्र खबर 24

महाराष्ट्र की राजनीति में राज्यसभा की इकलौती रिक्त सीट को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए वरिष्ठ नेता राजेंद्र जैन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।छगन भुजबल और भाजपा नेता नवनीत राणा के नामों की चर्चाओं के बीच पार्टी ने अनुभवी और संगठनात्मक रूप से मजबूत चेहरे पर भरोसा जताया है।

रविवार रात मुंबई स्थित देवगिरी निवास में उपमुख्यमंत्री और NCP प्रमुख सुनेत्रा  पवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस नाम पर अंतिम मुहर लगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न नामों पर चर्चा की, जिसके बाद सर्वसम्मति से राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया गया। सोमवार सुबह जैन ने पर्चा भी दाखिल कर दिया।

भुजबल के नाम पर भी हुआ था  विचार

NCP प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने उम्मीदवार की घोषणा करते हुए कहा कि छगन भुजबल पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया गया था। उन्होंने कहा कि पार्टी भविष्य में भुजबल के कद और योगदान के अनुरूप उचित सम्मान देगी। तटकरे ने यह भी स्पष्ट किया कि घोषणा के समय भुजबल की मौजूदगी पार्टी की एकजुटता का संदेश देती है और संगठन में किसी तरह का मतभेद नहीं है।

विदर्भ में मजबूत पकड़, प्रफुल्ल पटेल के करीबी

राजेंद्र जैन को NCP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल का करीबी माना जाता है। उन्होंने भंडारा स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) में लगातार 12 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया है।इसके अलावा सहकारी और वित्तीय संस्थाओं में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। पार्टी का मानना है कि विदर्भ क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ आगामी राजनीतिक समीकरणों में लाभदायक साबित होगी।

मैं कबड्डी का खिलाड़ी हूं, शतरंज का नहीं

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद छगन भुजबल ने कहा कि वे राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और उन्हें भी न्याय मिलने की उम्मीद है। भुजबल ने कहा,”आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों। मैं कबड्डी का खिलाड़ी हूं, शतरंज का नहीं। राज्यसभा और लोकसभा को लेकर सोच रहा था। मुझे भी न्याय मिलना चाहिए।”उनके इस बयान को महाराष्ट्र की राजनीति में भविष्य की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।राज्यसभा सीट के लिए राजेंद्र जैन के नाम की घोषणा के साथ ही महायुति के भीतर चल रही चर्चाओं और कयासों पर फिलहाल विराम लग गया है। अब सबकी नजरें राज्यसभा चुनाव की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हैं।

“>

ताजा खबरों के लिए विजिट करें:
maharashtrakhabar24.in

NCP (अजित) में राज्यसभा सीट पर घमासान! नवनीत राणा के नाम से बढ़ी हलचल, सुनेत्रा-पार्थ पवार की बैठकों पर सियासी चर्चा

और पढ़ें