Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

NCP (अजित) में राज्यसभा सीट पर घमासान! नवनीत राणा के नाम से बढ़ी हलचल, सुनेत्रा-पार्थ पवार की बैठकों पर सियासी चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खाली राज्यसभा सीट को लेकर तेज हुई सियासत, छगन भुजबल और नवनीत राणा के नाम चर्चा में; 8 जून तक दाखिल होंगे नामांकन

संजय जोशी, अमरावती

महाराष्ट्र में राज्यसभा की खाली हुई सीट को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह सीट NCP (अजित पवार गुट) के कोटे की है, जो सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। अब इस सीट पर उम्मीदवार कौन होगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा के नाम को लेकर हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, नवनीत राणा ने हाल ही में सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद उनके राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलों को और बल मिला है। इससे पहले नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी। वहीं, NCP के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल भी इस सीट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा भी है कि उम्मीदवार चयन को लेकर अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद सामने आ सकते हैं।
NCP में राणा पर ‘रण’, मिटकरी की पोस्ट से खलबली
इस बीच NCP विधायक अमोल मिटकरी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी है। मिटकरी ने स्पष्ट कहा कि यह सीट NCP की है और इस पर फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने कहा कि अजित पवार का नेतृत्व अंतिम है और सुनेत्रा पवार तथा पार्टी नेतृत्व जो निर्णय लेंगे, वही स्वीकार्य होगा।
उधर NCP नेता उमेश पाटिल ने भी साफ किया कि यह सीट सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली हुई है, इसलिए यहां से NCP का ही उम्मीदवार मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के नाम पर पार्टी की कोर कमेटी में चर्चा होगी और चुनाव के दौरान होने वाली हर मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से देखना उचित नहीं है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून है। ऐसे में संभावित उम्मीदवारों ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। अब सभी की नजरें अजित पवार और पार्टी नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है।

और पढ़ें