Lepord in Amravati : शहर के डॉ. पंजाबराव उर्फ भाऊसाहेब देशमुख स्मृति वैद्यकीय महाविद्यालय (PDMC) एवं अस्पताल परिसर में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद प्रशासन और वन विभाग सतर्क हो गए हैं। मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, एक तेंदुआ अस्पताल भवन की ऊपरी स्लैब पर बैठा हुआ दिखाई दिया था। संभावित खतरे को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करते हुए छात्रों, डॉक्टरों, कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Lepord in Amravati : कॉलेज प्रशासन ने जारी किए सुरक्षा निर्देश
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल देशमुख द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परिसर में तेंदुए की गतिविधियों के संकेत मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही सभी संबंधित लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।
प्रशासन द्वारा जारी प्रमुख निर्देश
- रात के समय परिसर में अकेले घूमने से बचें।
- आवश्यक होने पर समूह में ही बाहर निकलें।
- अंधेरे स्थानों पर जाते समय मोबाइल टॉर्च या अन्य प्रकाश व्यवस्था का उपयोग करें।
- तेंदुआ या उसकी गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सुरक्षा विभाग या प्रशासन को सूचना दें।
- अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
- वन विभाग और कॉलेज प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
मरीजों, छात्रों और कर्मचारियों को किया गया अलर्ट
कॉलेज प्रशासन ने मेडिकल अधीक्षक, विभाग प्रमुखों, सुरक्षा विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने विभाग के छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएं।
वन विभाग की टीम रख रही है नजर
तेंदुए की संभावित मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी गतिविधि पर नजर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वन विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










