रिश्तों की रक्षा के साथ प्रकृति की रक्षा का संदेश
नागपुर में ‘वृक्षा बंधन’. रक्षाबंधन के पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जीरो माइल फाउंडेशन एवं मिनी मिरेकल्स स्पिरिचुअल प्ले स्कूल की ओर से ‘वृक्षा बंधन’ अभियान आयोजित किया गया। नरेंद्र नगर स्थित मिनी मिरेकल्स स्पिरिचुअल प्ले स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बरगद, पीपल, नीम सहित विभिन्न देववृक्षों और पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया।अभियान का उद्देश्य लोगों को वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल विश्व सरयू पारीण ब्राह्मण महासभा के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रामनारायण मिश्र के हाथों पौधों का वितरण किया गया।
नागपुर में ‘वृक्षा बंधन’ / पेड़ मानव जीवन और पर्यावरण का आधार : मिश्र
मुख्य अतिथि रामनारायण मिश्र ने ‘वृक्षा बंधन’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण के आधार हैं। पर्यावरण असंतुलन के कारण आज अत्यधिक गर्मी, अनियमित बारिश, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति बढ़ रही है। ऐसे समय में पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेड़ जल संतुलन बनाए रखने के साथ मिट्टी के कटाव को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़ हमें ऑक्सीजन, फल-फूल और खाद्य पदार्थ देने के साथ कई औषधीय उपयोगों में भी सहायक हैं। गर्मी के मौसम में पेड़ों की छांव और ठंडी हवा लोगों को राहत देती है। मिश्र ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं का संरक्षण तभी संभव है, जब पेड़-पौधों की रक्षा को हम अपनी जिम्मेदारी समझें।
‘वृक्षा बंधन’ से प्रकृति की रक्षा का संदेश : शर्मा
जीरो माइल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक आनंद शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन हमें रक्षा और जिम्मेदारी का संदेश देता है। जिस प्रकार भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी प्रकार ‘वृक्षा बंधन’ के माध्यम से हम पौधे लगाकर प्रकृति और जीवनदायिनी प्राणवायु की रक्षा का संकल्प ले सकते हैं।उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का असर आज साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में ‘वृक्षा बंधन’ जैसे अभियान लोगों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध उद्योगपति एवं साहित्यकार यतीन्द्र नाडकर्णी, होम फर्निशिंग एक्सपर्ट रामेश्वर बोडखे, मुंबई मंडल मध्य रेलवे के भूतपूर्व वरिष्ठ मुख्य नियंत्रक दानपति शुक्ला, प्रसिद्ध हस्तरेखा विशेषज्ञ पंडित कमलेश पांडेय आचार्य, जीरो माइल फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद शर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वास्तु विशेषज्ञ रूचि नाडकर्णी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन रूचि नाडकर्णी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन यतीन्द्र नाडकर्णी ने किया।









