मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की मच अवेटेड हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टीजर रिलीज के बाद से ही फिल्म चर्चा में है और अब इसके ट्रेलर का इंतजार भी खत्म होने वाला है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर सोमवार, 30 मार्च को रिलीज किया जा सकता है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि फिल्म रिलीज से कुछ दिन पहले ट्रेलर लॉन्च करने की रणनीति अपनाई जा रही है।गौरतलब है कि फिल्म का टीजर पिछले महीने रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। खास बात यह है कि इस फिल्म में अक्षय कुमार, राजपाल यादव और परेश रावल की तिकड़ी एक बार फिर साथ नजर आ रही है, जिससे फैंस को 19 साल पुरानी ‘भूल भुलैया’ की याद ताजा हो गई।अब ट्रेलर में फिल्म की कहानी और किरदारों के बारे में और ज्यादा जानकारी मिलने की उम्मीद है। ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, ऐसे में ट्रेलर रिलीज के साथ ही फिल्म का बज और भी बढ़ने वाला है।









