maharashtrakhabar24.in,पुणे. जिले के शिरूर तहसील स्थित मोराची चिंचोली के जय मल्हार एग्री टूरिज्म सेंटर में बने वॉटर पार्क में एक गंभीर हादसा सामने आया है, जिसने मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां घूमने आई 37 वर्षीय महिला वॉटर स्लाइड से गिरकर बुरी तरह घायल हो गईं, जिसके बाद उन्हें स्थायी लकवा मार गया है।
ऐेसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, करंदी क्षेत्र की निवासी अश्विनी संदीप नप्ते अपने परिवार के साथ वॉटर पार्क पहुंची थीं। स्लाइड का उपयोग करते समय पानी का स्तर पर्याप्त नहीं था, जिससे वे तेज गति से नीचे आकर सीधे जमीन से टकरा गईं और मौके पर ही बेहोश हो गईं। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर एंबुलेंस तक नहीं
सबसे गंभीर बात यह रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई तत्काल चिकित्सा सुविधा या एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। परिजनों को उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि उनकी रीढ़ की हड्डी के चार वर्टिब्रा टूट गए हैं, जिससे उनके शरीर के निचले हिस्से ने काम करना बंद कर दिया।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
पीड़िता के परिजन किरण नप्ते की शिकायत पर शिरूर पुलिस ने वॉटर पार्क के मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन गई है, बल्कि वॉटर पार्कों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है।