Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

संभाजीनगर में 16–18 अप्रैल तक ‘येलो अलर्ट’, हीटवेव का खतरा; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

maharashtrakhabar24.in, छत्रपति संभाजीनगर. मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.9 डिसे. रहा। मौसम विभाग ने और तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।  जिले में कुछ स्थानों पर लू (हीटवेव) चलने की संभावना जताई गई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों को सतर्क रहने और उष्माघात (हीट स्ट्रोक) से बचाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निवासी उपजिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जनार्दन विधाते ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

ऐसे करें गर्मी से बचाव

जारी निर्देशों के अनुसार, भले ही प्यास न लगे, फिर भी हर आधे घंटे में पर्याप्त पानी पीना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ और आम पना जैसे पेय का सेवन करने की सलाह दी गई है। बाहर निकलते समय हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी, छाता या गीले कपड़े से ढककर रखें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें और भारी काम सुबह के समय निपटाएं। काम के दौरान बीच-बीच में आराम करना जरूरी है। घर को ठंडा रखने के लिए पर्दे और सनशेड का उपयोग करें तथा रात में खिड़कियां खुली रखें।

हीट स्ट्रोक के लक्षण

चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द या कमजोरी महसूस होना हीट स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

और पढ़ें