Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

बड़ा फैसला : मराठवाड़ा को नया प्रशासनिक मुखिया, जी. श्रीकांत को संभागीय आयुक्त की जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रऊफ खान.छत्रपति संभाजीनगर : प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तेज़ी से हो रहे बदलावों के बीच जी. श्रीकांत को संभागीय आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है। महापालिका आयुक्त पद से उनकी बदली के बाद गुरुवार को यह निर्णय लिया गया।पेयजल योजनाओं को गति देने के लिए श्रीकांत की आवश्यकता बताते हुए ऊर्जा मंत्री अतुल सावे और पालकमंत्री संजय शिरसाट ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी थी। उन्होंने इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से भी समर्थन जताया था।हाल ही में जल जीवन मिशन के संचालक बने श्रीकांत का फिर से तबादला किया गया है। वहीं, वर्तमान संभागीय आयुक्त जितेंद्र पापलकर का तबादला मुंबई में वस्तु एवं सेवा कर सहआयुक्त के रूप में किया गया है।जी. श्रीकांत इससे पहले लातूर के जिलाधिकारी, छत्रपति संभाजीनगर में जीएसटी सहआयुक्त और महापालिका आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। पिछले पांच वर्षों से वे मराठवाड़ा में कार्यरत हैं और अब एक बार फिर क्षेत्र के प्रशासनिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मंजिल की तलाश से आईएएस तक

जी. श्रीकांत की नौकरी जारी थी और पढ़ाई भी चल रही थी, लेकिन उन्हें अपने जीवन की सही दिशा नहीं मिल पा रही थी। यह दिशा उन्हें उनके मित्र कमल ने दिखाई। कमल ने उन्हें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा के बारे में बताया और खुद भी इसकी तैयारी कर रहा था। उसके मार्गदर्शन में बेहतर तैयारी के लिए श्रीकांत ने छह महीने की बिना वेतन छुट्टी ली और सीधे दिल्ली पहुंच गए। वहां उन्होंने कोचिंग जॉइन कर पूरे समय पढ़ाई की। 2007 से उन्होंने गंभीरता से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उन्होंने भूगोल के लिए माजिद हुसैन और मनोविज्ञान के लिए मुकुंद पाटिल की किताबों का अध्ययन किया। उनका लक्ष्य साफ था—गरीबों की समस्याओं को दूर करना, समाज में फैली असमानता को खत्म करना और बदलाव लाना। वे मानते थे कि समस्या का हिस्सा बनने से बेहतर है समाधान का हिस्सा बनना। आखिरकार, कड़ी मेहनत रंग लाई और 2009 में दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया। एक गरीब किसान के बेटे से आईएएस बनने तक का उनका सफर प्रेरणा से भरा हुआ है।

और पढ़ें