संवाददाता , परभणी : महाराष्ट्र के मनमाड रेल मार्ग पर स्थित मानवतरोड रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात बदमाशों ने सिग्नल सिस्टम से छेड़छाड़ कर साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 17206) को जबरन रोक दिया और फिर ट्रेन में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
एस-4 कोच को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सिग्नल यूनिट S–1A की केबल काटकर सिग्नल व्यवस्था को पूरी तरह से ठप कर दिया। जैसे ही ट्रेन चालक को ‘होम सिग्नल डेंजर’ दिखाई दिया, उसने सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ट्रेन को स्टेशन से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया। इसी मौके का फायदा उठाते हुए बदमाश सक्रिय हो गए। ट्रेन के रुकते ही बदमाशों ने पहले जनरल कोच को निशाना बनाया, जहां एक महिला यात्री के गले से करीब 2 ग्राम का मंगलसूत्र झपट लिया गया। इसके बाद वे एस-4 कोच में पहुंचे, जहां आंध्र प्रदेश निवासी यात्री जे. उषा के साथ जबरदस्ती करते हुए उनके गले से करीब 16 ग्राम सोने के गहने (मंगलसूत्र और लॉकेट) लूट लिए गए।घटना के समय रात का अंधेरा और अधिकांश डिब्बों के दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण बदमाश सभी कोच में प्रवेश नहीं कर सके, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई। हालांकि, इस घटना ने यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर चिंता
प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने खिड़कियों के रास्ते या सीमित प्रवेश से वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। वहीं, ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पहले ही यह घटना घटित होने के कारण बाहरी हस्तक्षेप की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। रेलवे और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे सुरक्षा, खासकर रात के समय ट्रेनों की निगरानी और सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









