Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

तेज रफ्तार क्रेन बंगले में घुसी, कांचनवाडी में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे लोग, चालक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रऊफ खान, छत्रपति संभाजीनगर. शहर के कांचनवाडी इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से आ रही एक क्रेन सीधे प्रसिद्ध इंडोरन्स कंपनी के कार्यकारी संचालक (एमडी) अनुरंग जैन के बंगले में जा घुसी। इस घटना से इलाके में भारी घबराहट फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ऐसे हुआ हादसा

यह घटना 20 अप्रैल को सुबह करीब 8:45 बजे घटी। उस समय सिक्योरिटी मैनेजर औटे और सिक्योरिटी हेड कैलास अमृता मोहिते परिसर का राउंड ले रहे थे। तभी अचानक क्रेन (एमएच 03 डीए 0058) ने गेट के सामने लगी पार्किंग की फेंसिंग तोड़ दी और अंदर घुस गई। क्रेन ने पहले पेड़ों को नुकसान पहुंचाया और फिर पार्किंग में खड़ी छह मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन मौजूद लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। घटना के बाद चालक से पूछताछ में उसकी पहचान अफाक अशरफ बारमारे (निवासी : सारंग हाईट्स, मुंब्रा, ठाणे) के रूप में हुई। सातारा पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।इस मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक तुकाराम सोनुने कर रहे हैं।

और पढ़ें