Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

बड़ी खबर: दीक्षाभूमि पर इस साल बाबासाहेब की संयुक्त जयंती नहीं होगी, भंते सुरई ससाई ने अनुमति से किया इनकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

maharashtrakhabar24.in,नागपुर: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर दीक्षाभूमि में हर साल आयोजित होने वाला संयुक्त कार्यक्रम इस वर्ष नहीं होगा। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक समिति, दीक्षाभूमि के अध्यक्ष भंते सुरई ससाई द्वारा अनुमति न दिए जाने के कारण कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। यह जानकारी डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संयुक्त नागरी जयंती समिति के डॉ. सुचित बागड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।बताया गया कि पिछले 12 वर्षों से यह कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा था, लेकिन इस बार अनुमति नहीं मिलने से परंपरा टूट गई है। डॉ. बागड़े ने कहा कि कार्यक्रम के लिए एक महीने पहले ही भंते ससाई के कार्यालय में लिखित आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद जब वे अनुमति लेने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि आवेदन प्राप्त ही नहीं हुआ है और अनुमति देने से इनकार कर दिया गया।

कार्यक्रम रद्द कर दिया गया
समिति की ओर से 14 अप्रैल को शाम 6 से 9 बजे तक वैचारिक प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसमें नाशिक के प्रसिद्ध विचारक निरंजन टकले का ‘डॉ. आंबेडकर के विचार और वर्तमान भारत में उनकी प्रासंगिकता’ विषय पर व्याख्यान और नांदेड़ के वक्ता डॉ. अनंत राऊत का ‘लोकतंत्र और वर्तमान समय की चुनौतियां’ विषय पर संबोधन प्रस्तावित था।हालांकि, अनुमति नहीं मिलने के कारण यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। डॉ. बागड़े ने बताया कि अब अगले दो सप्ताह में किसी रविवार को नागपुर शहर के किसी अन्य स्थान पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस दौरान डॉ. बागड़े ने यह भी दावा किया कि स्मारक समिति के अधिकांश सदस्य उनके पक्ष में हैं, लेकिन कुछ लोगों द्वारा भंते ससाई को गलत जानकारी दी जा रही है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं के साथ विवाद से बचने के लिए समिति ने यह निर्णय स्वीकार किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. एस. बी. गेडाम, डॉ. अशोक उरकुडे और डॉ. प्रदीप आगलावे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें