संवाददाता. अमरावती. जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ‘लव ट्रैप’ के जरिए सैकड़ों नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाने वाले आरोपी पर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। मुख्य आरोपी अयान तनवीर के घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, परतवाड़ा शहर में आरोपी के एक मंजिला घर के बाहर बनी अवैध लोहे की सीढ़ी को नगर परिषद के आदेश पर जेसीबी से गिराया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थानीय बीजेपी विधायक प्रवीण तायड़े भी मौजूद थे।
क्या है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अयान तनवीर नाबालिग लड़कियों को ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर मुंबई और पुणे ले जाता था, जहां उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। आरोप है कि उसने करीब 350 आपत्तिजनक वीडियो बनाए। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने के बाद मामला उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने 11 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 14 अप्रैल को कोर्ट में पेशी के बाद उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस केस में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
राजनीतिक कनेक्शन भी आया सामने
मामले में आरोपी के राजनीतिक कनेक्शन की भी चर्चा रही, हालांकि संबंधित पार्टी ने उससे दूरी बना ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये वीडियो किन-किन लोगों तक पहुंचाए।









