महाराष्ट्र खबर 24,पैठण.
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को पैठण में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी। दोपहर करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला, काले बादलों ने आसमान को ढक लिया और कुछ ही मिनटों में तेज आंधी के साथ मानसून की पहली भारी बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौटा दी। मानसून की पहली तेज बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। एसटी बस स्टैंड के सामने सड़कें पानी से भर गईं, जबकि पंचायत समिति कार्यालय के सामने एक पेड़ गिर गया। वहीं कहारवाड़ा क्षेत्र में जिला परिषद स्कूल के पास स्थित एक बड़ा वटवृक्ष भी तेज हवाओं के कारण धराशायी हो गया। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
लोगों ने लिया बारिश का आनंद
जून का अंतिम सप्ताह शुरू होने के बावजूद पिछले कई दिनों से पैठण और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। सोमवार दोपहर अचानक शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। शहर के प्रमुख मार्ग, चौक और निचले इलाके कुछ समय के लिए पानी में डूब गए, लेकिन लोगों ने मानसून की पहली बारिश का जमकर आनंद लिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश की दस्तक देखने को मिली। जायकवाड़ी, पिंपलवाड़ी और कारखाना क्षेत्र में करीब पांच मिनट तक रिमझिम बारिश हुई, जिससे खेतों में नमी बढ़ी और किसानों को आगामी बुवाई के लिए उम्मीद की नई किरण दिखाई दी।
महाराष्ट्र : फिर सक्रिय हुआ मानसून
जून के पहले सप्ताह में राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचा था, लेकिन उसके बाद बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर पड़ गई थीं। जून समाप्त होने के करीब होने के बावजूद संतोषजनक वर्षा नहीं होने से किसानों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ रही थी। अब मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राहत की स्थिति बन गई है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और मराठवाड़ा, पुणे तथा कोंकण क्षेत्र में इसकी सक्रियता बढ़ गई है।
Maharastra
महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक, कई जिलों में बारिश से किसानों को राहत
मुंबई मैं अगले 48 घंटे मैं मानसून के पहुंचने की उम्मीद
महाराष्ट्र में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बारिश ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। राज्य के कई जिलों में सोमवार को बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी… pic.twitter.com/FcOwEWs7ki
— Jayprrakash Singh (@jayprakashindia) June 22, 2026
“>
मराठवाड़ा-पुणे तक पहुंचा
पुणे मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक एस. डी. सानप के अनुसार, कुछ समय तक कोंकण क्षेत्र में रुका हुआ मानसून अब तेजी से आगे बढ़ा है और मराठवाड़ा के दक्षिणी हिस्सों के साथ पुणे तक पहुंच चुका है। मानसून की इस प्रगति से बारिश की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया है कि आगामी 10 दिन मानसून की आगे की यात्रा के लिए बेहद अनुकूल रहेंगे। विशेष रूप से अगले 48 घंटे महाराष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इस दौरान धाराशिव, पुणे, सोलापुर समेत कोंकण के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
विदर्भ को करना होगा थोड़ा और इंतजार
जहां नासिक, नागपुर, रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में सोमवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, वहीं विदर्भ के कई हिस्सों को अभी भी मानसून के लिए 3 से 4 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यवतमाल और गढ़चिरौली जिलों में अगले कुछ दिनों में मानसून पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पूरे विदर्भ क्षेत्र में भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।










