UP में 2.04 करोड़, बंगाल में 91 लाख नाम हटे; कुल मतदाता संख्या 51 करोड़ से घटकर 44.92 करोड़
Maharashtrakhabar24.in,नई दिल्ली। चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दूसरे चरण के पूरा होने के बाद 12 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। फाइनल आंकड़ों के अनुसार कुल 6.08 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। SIR शुरू होने से पहले इन राज्यों-UT में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 51 करोड़ थी, जो अब घटकर 44.92 करोड़ रह गई है। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा सहित पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की गई।
UP में सबसे ज्यादा असर
उत्तर प्रदेश में SIR के बाद वोटरों की संख्या में 13% की कमी दर्ज की गई है। यहां कुल 2.04 करोड़ नाम हटाए गए, जिससे मतदाता संख्या घटकर 13.39 करोड़ रह गई।
बंगाल में भी बड़ी कटौती
पश्चिम बंगाल में भी करीब 91 लाख मतदाताओं के नाम फाइनल लिस्ट से बाहर हो गए। चुनाव आयोग के अनुसार, यह कार्रवाई नवंबर से जारी प्रक्रिया के तहत की गई।
अब तक 60 करोड़ कवर, 39 करोड़ बाकी
चुनाव आयोग ने 24 जून 2025 को देशभर में SIR प्रक्रिया शुरू की थी। अब तक 10 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश कवर किए जा चुके हैं, जिसमें पहले चरण में बिहार और दूसरे चरण में 9 राज्य व 3 UT शामिल रहे। देश के कुल लगभग 99 करोड़ मतदाताओं में से 60 करोड़ को इस प्रक्रिया में शामिल किया जा चुका है, जबकि बाकी 39 करोड़ मतदाताओं को तीसरे चरण में कवर किया जाएगा। तीसरे चरण में 17 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेश शामिल होंगे, जहां प्रक्रिया विधानसभा चुनावों के बाद शुरू होगी।
राजनीतिक विवाद भी बढ़ा
SIR प्रक्रिया को लेकर कई राज्यों में विवाद भी सामने आए हैं। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक दलों ने इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचाया है।









