Ministry of Information & Broadcasting, Govt. of India | As per IT Rules 2021 – Rule 18

‘ढोंगी बाबा’ केस में बड़ा खुलासा: अब CA रडार पर, दुबई कनेक्शन की भी होगी जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 दुबई कनेक्शन की भी होगी जांच
मुंबई. नासिक में खुद को गॉडमैन बताने वाले कथित ढोंगी बाबा अशोक खरात के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। जैसे-जैसे परतें खुल रही हैं, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। अब इस पूरे मामले में खरात के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को भी पुलिस ने रडार पर ले लिया है।जांच एजेंसियों का मानना है कि CA से पूछताछ के बाद खरात के पैसों के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। इसके साथ ही ‘शिवनिका’ ट्रस्ट और उससे जुड़े वर्तमान व पूर्व सदस्यों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की गहन जांच हो रही है।
4 लाख से करोड़ों तक पहुंची आय, बढ़ा शक
जांच में सामने आया है कि साल 2018 में शिवनिका ट्रस्ट की आय महज 4 लाख रुपये थी, जो 2024 तक अचानक करोड़ों में पहुंच गई। इस असामान्य बढ़ोतरी ने जांच एजेंसियों के संदेह को और मजबूत कर दिया है।
दुबई कनेक्शन और हवाला एंगल
सूत्रों के अनुसार, अशोक खरात पर हवाला रैकेट चलाने के भी आरोप हैं। विदेशों, खासकर दुबई तक पैसों के लेन-देन के संकेत मिले हैं। एजेंसियों को कुछ अहम सबूत भी हाथ लगे हैं, जिससे मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जा सकता है। इसमें कुछ प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

महिलाओं की शिकायतें ज्यादा

SIT की ओर से जारी हेल्पलाइन पर अब तक 100 से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं, जिनमें करीब 70% महिलाएं शामिल हैं। हालांकि, अब भी कई पीड़ित लिखित शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहे हैं। प्रशासन उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाकर आगे आने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

हथियार लाइसेंस रद्द

प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अशोक खरात का हथियार लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह लाइसेंस 2012 में जारी हुआ था और 2024 में रिन्यू हुआ था, लेकिन मौजूदा गंभीर आरोपों को देखते हुए जिलाधिकारी ने इसे निरस्त करने का आदेश दिया। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

और पढ़ें